ऐलनाबाद, 17 जनवरी (एम. पी. भार्गव)।एक ओर ऐलनाबाद नगर पालिका क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका अपने पुराने क्षेत्र के समुचित विकास में पूरी तरह विफल नजर आ रही है। हालात यह हैं कि पिछले करीब 30 वर्षों में बरसाती पानी की निकासी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद न तो पूरे शहर की समस्या का समाधान हो पाया है और न ही शहर के मुख्य बाजार की।
करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा ऐलनाबाद का मुख्य बाजार थोड़ी सी बारिश में ही जलमग्न हो जाता है। बरसाती पानी की समुचित निकासी न होने के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य बाजार की सड़क की मरम्मत का कार्य लगभग डेढ़ साल पहले शुरू किया गया था, लेकिन आज तक यह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। गुरुद्वारा सिंह सभा से लेकर टिब्बी चौक तक की सड़क पूरी तरह उबड़-खाबड़ हो चुकी है।
टूटी-फूटी सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर बाजार में व्यापार करने वाले दुकानदारों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़क के कारण न केवल ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि बाजार में सामान्य रूप से व्यापार हो सके।
इस संबंध में शहर के समाजसेवी सरबजीत सिंह सिद्धू ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र बढ़ाए जाने पर अपनी पीठ थपथपाने के बजाय प्रशासन को मुख्य बाजार की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी की निकासी, सीवरेज व्यवस्था और सड़क की मरम्मत जैसे जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ बढ़ता आक्रोश शांत हो सके।
khabre junction
