‘चरन सुहावे’ गुरुचरण यात्रा फरीदाबाद पहुंची, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किए दर्शन
फरीदाबाद, 24 अक्टूबर। दिल्ली से प्रारंभ हुई श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत ‘चरन सुहावे’ गुरुचरण यात्रा आज अपने पहले पड़ाव फरीदाबाद पहुंची। यह यात्रा 23 अक्टूबर को दिल्ली के मोती बाग गुरुद्वारे से रवाना हुई थी और 31 अक्टूबर को ऐतिहासिक पटना साहिब गुरुद्वारे में अपने समापन पर पहुंचेगी।
फरीदाबाद के गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब (NIT-5) में आज यात्रा का एक दिवसीय ठहराव रहा, जहां श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुद्वारा पहुंचकर ‘चरन सुहावे’ के दर्शन किए और गुरुचरणों में शीश नवाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में एकता, सेवा और श्रद्धा के भाव को प्रोत्साहित करती हैं, वहीं हरदीप सिंह पुरी ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
दर्शन और अरदास के उपरांत, मुख्यमंत्री सैनी ने यात्रा को आगे के पड़ाव के लिए रवाना किया। अब यह पवित्र यात्रा आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारे ‘गुरु के ताल’ की ओर प्रस्थान कर चुकी है, जहां अगला ठहराव होगा।
यह गुरुचरण यात्रा पूरे मार्ग में सिख संगत, सामाजिक संस्थाओं और श्रद्धालुओं द्वारा हर्ष और भक्ति के साथ स्वागत पाती हुई आगे बढ़ रही है।
