केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने में विफल साबित हुई : स्वर्ण सिंह विर्क

ऐलनाबाद, 20 फरवरी (एम.पी. भार्गव)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की करीवाला शाखा की बैठक का आयोजन गांव करीवाला स्थित पार्टी कार्यालय बाबा लाभ सिंह कक्का भवन में का. शमशेर सिंह काहलों की अध्यक्षता में किया गया। बैठक की शुरुआत में गत दिनों दिवंगत का. कश्मीर सिंह पुत्र संतोख सिंह, का. करनैल सिंह असपाल की पत्नी बेअंत कौर एवं का. राज कुमार सुचान की पत्नी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित कर श्रद्धांजलि दी गई।

शाखा सचिव का. रेशम सिंह ने पिछले वर्ष के पार्टी कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की, जबकि का. कश्मीर सिंह हांडा ने पार्टी का लेखा-जोखा रखा। पार्टी के नए भवन के निर्माण में सहयोग देने के लिए समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया। बैठक में आगामी वर्ष के लिए का. रेशम सिंह संधू को पुनः सचिव तथा मास्टर लक्खा सिंह विर्क और का. हरकेवल सिंह को सह सचिव चुना गया।

बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाकपा नेता का. स्वर्ण सिंह विर्क ने पार्टी के संघर्षों और बलिदानों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजाद भारत के विकास में भाकपा के जन आंदोलनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार की विभाजनकारी और कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के कारण आम आदमी का जीवन कठिन हो गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है और बीज बिल 2025 तथा भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता भारतीय कृषि के लिए नुकसानदायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार देश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है और मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।

स्वर्ण सिंह विर्क ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वर्तमान समय में जनविरोधी नीतियों का मुकाबला करने के लिए पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत किया जाए।

इस अवसर पर किसान नेता बलराज सिंह बणी, रणजीत सिंह काहलो, डॉ. कश्मीर सिंह, कुलदीप सिंह विर्क, करनैल सिंह असपाल, दलीप सोलंकी, हरदेव सिंह सिद्धू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.