रामपुर में महाविद्यालय स्तर पर तिरंगा निर्माण प्रतियोगिता से हुआ अभियान का शुभारंभ

रामपुर, 7 अगस्त 2025 —”हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत प्रथम चरण का आयोजन रामपुर स्थित महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक किया गया। इस चरण में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), रेंजर रोवर और छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जागृति मदान धीगड़ा के दिशा-निर्देशन में हुई। इस अवसर पर NCC प्रभारी डॉ. बिजेन्द्र सिंह, डॉ. साक्षी त्यागी, NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नरेश कुमार, डॉ. ईरम नईम, डॉ. प्रमोद कुमार, रेंजर रोवर प्रभारी डॉ. राजेश कुमार एवं डॉ. माया भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह अभियान 2 अगस्त 2025 से 15 अगस्त 2025 तक चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न देशभक्ति पूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करने, राष्ट्रीय प्रतीकों, राष्ट्रगान, और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को स्मरण करने का उद्देश्य रखा गया है।

महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और तिरंगे की शान में बच्चों की रचनात्मकता ने समां बांध दिया। आगामी दिनों में झंडारोहण, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, रंगोली, निबंध लेखन, एवं स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित व्याख्यान जैसे विविध आयोजन प्रस्तावित हैं।

“हर घर तिरंगा” अभियान न केवल राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, बल्कि युवाओं को देश की विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बन रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.