बम्बा रोड मोदीनगर में 8000 वर्ग मीटर में विकसित अवैध कॉलोनी पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, निर्माण ध्वस्त
- रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार
प्राधिकरण द्वारा बम्बा रोड, मोदीनगर क्षेत्र में लगभग 8000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी के विरुद्ध सख्त ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष महोदय के अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के निर्देशों के क्रम में की गई।
दिनांक 14.01.2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में श्री सचिन डागर द्वारा ग्राम बम्बा रोड, मोदीनगर, जनपद गाजियाबाद में की गई जांच के दौरान पाया गया कि उक्त क्षेत्र में बिना किसी प्राधिकृत स्वीकृति के अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनाइजर द्वारा प्राधिकरण से संबंधित किसी भी प्रकार के अनुमोदन के अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।
कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्तीकरण के समय स्थानीय विकासकर्ताओं एवं निर्माणकर्ताओं द्वारा काफी विरोध किया गया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
मौके पर सहायक अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना अनुमति किए गए किसी भी प्रकार के निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल एवं प्राधिकरण पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहा। प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि या निर्माण में निवेश से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति की जांच अवश्य करें।
khabre junction
