लखीसराय के अशोक धाम में मोरारी बापू की रामकथा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
लखीसराय(सरफराज आलम)अशोक धाम मंदिर परिसर में 3 से 11 जनवरी तक प्रस्तावित श्री मोरारी बापू की रामकथा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में मंदिर परिसर में बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था समेत सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।डीएम ने कहा कि रामकथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने मंदिर परिसर व आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और मच्छर नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग कराने का निर्देश दिया।
बैठक में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने, खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। अग्नि सुरक्षा को लेकर फायर ब्रिगेड की तैनाती, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी रखने पर जोर दिया गया। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जेनरेटर की व्यवस्था रखने को कहा गया।
विधि-व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व महिला पुलिस बल की तैनाती, पुलिस स्काउट और स्वयंसेवकों की व्यवस्था तथा ट्रैफिक पुलिस की स्पष्ट ड्यूटी तय करने पर सहमति बनी। यातायात को सुचारू रखने के लिए पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने और वैकल्पिक मार्ग तय करने के निर्देश दिए गए।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलंत शौचालय, पीने के पानी के टैंकर, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया गया। बैठक के बाद डीएम और एसपी ने अन्य पदाधिकारियों के साथ रामकथा स्थल का निरीक्षण भी किया।
बैठक में एसपी अजय कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार,विशेष कार्य पदाधिकारी शशि कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के सचिव डॉक्टर अमित कुमार ,डॉक्टर प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
