उपमंडल ऐलनाबाद में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
– समारोह में हिसार नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
ऐलनाबाद, 26 जनवरी (एम पी भार्गव) – 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उपमंडल स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि हिसार नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता सेनानी और शहीदों के परिजनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।
हिसार नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के रूप में उभरा है। इसका श्रेय उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों और वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने इस देश को विकास की दिशा दी। उन्होंने हरियाणा के योगदान पर गौर करते हुए बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक-आर्थिक विकास में हरियाणा ने नई ऊँचाइयाँ छुई हैं। उन्होंने अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक का उदाहरण देते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में हरियाणा वासियों की भूमिका को याद किया।
समारोह में पुलिस टुकड़ी, एनसीसी जीवन नगर, एनसीसी सतलुज पब्लिक स्कूल, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐलनाबाद, एचसीएस, सर छोटू राम जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धोलपालिया, सर्वोदय शिक्षा सदन, डिफेंस पब्लिक स्कूल, सीआरडीएवी कॉलेज, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नचिकेतन पब्लिक और सतलुज पब्लिक स्कूल सहित कई विद्यालयों और विभागों ने परेड, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस मौके पर उपमंडल के स्कूली विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि विभागों ने झांकियों के जरिए योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी।
समारोह में एसडीएम पारस भागोरिया, एएसपी फैसल खान, मार्केट कमेटी चेयरमैन भगवान सिंह, तहसीलदार ऐलनाबाद रविन्द्र सिह, तहसीलदार रानिया शुभम शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव सुरेंद्र सैन, बलराज बाना, सचिव नगर पालिका रविंद्र सिंह, अमीरचंद मेहता और नरेश कटारिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

khabre junction
