- रिपोर्ट: हरिश्चंद चंद्र
कासगंज। आज 26 जनवरी 2026 को पूरे भारतवर्ष के साथ-साथ कासगंज जिले के मानपुर नगरिया एवं गोरहा क्षेत्रों में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
गणतंत्र दिवस के मौके पर विद्यालयों और सरकारी संस्थानों को भव्य लाइटों, तिरंगे झंडों एवं गुब्बारों से सजाया गया। विभिन्न स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कई विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली गई, जिसके माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा बच्चों को भारतीय संविधान के महत्व, देश के प्रति समर्पण और स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए वीर जवानों के बलिदान की जानकारी दी गई तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शिक्षकों ने छात्रों से देश सेवा करने, देश को मजबूत बनाने तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रमों के समापन के बाद बच्चों में मिठाइयों का वितरण किया गया और उपहार भेंट किए गए। क्षेत्र के एसबीडी पब्लिक स्कूल, प्राथमिक विद्यालय खैरपुर, एससीएल इंटर कॉलेज वरकुला, मां गायत्री इंटर कॉलेज मानपुर नगरिया, सेंट वी एन पब्लिक स्कूल मिर्जापुर रोड मानपुर नगरिया, कंपोजिट विद्यालय मानपुर नगरिया, शेरवानी इंटर कॉलेज मानपुर नगरिया सहित क्षेत्र के सभी विद्यालयों में गणतंत्र दिवस महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया।
समूचे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला, जिससे गणतंत्र दिवस का पर्व यादगार बन गया।
khabre junction
