प्राचीन श्री श्याम मंदिर में 52वां वार्षिक महोत्सव, रात्रि जागरण व अखंड ज्योति पाठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ऐलनाबाद, 11 फरवरी (एम.पी. भार्गव): शहर के प्राचीन श्री श्याम मंदिर ऐलनाबाद में श्री श्याम बाबा खाटू वाले का 52वां विशाल वार्षिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत बीती रात्रि भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरी रात बाबा श्याम के भजनों पर झूमते हुए भक्ति रस का आनंद लिया। मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयघोष से गूंज उठा।
जागरण के दौरान भजन गायकों ने “श्याम तेरी चौखट पे आकर सुकून मिल गया”, “सांवरा जब बुलाएगा हम खाटू जाएंगे”, “मेरे सांवरिया सरकार, तू ही मेरा आधार” और “दर तेरे आके बाबा सब दुख भूल गए” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन नजर आए।
आज प्रातः मंदिर में अखंड ज्योति पाठ विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। विशाखापट्टनम से पधारे नरेश शर्मा ने विधिवत अखंड ज्योति पाठ कराया। पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर आहुतियां अर्पित कीं और परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। समापन पर विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कमेटी ट्रस्ट के प्रधान रतनलाल गिदड़ा, उपप्रधान पवन कुमार कानसरिया तथा श्री श्याम कला मंडल के प्रधान मांगीलाल गिदड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
khabre junction
