ऐलनाबाद में श्री गणेश मंदिर का 25वां महोत्सव 26 अगस्त से 1 सितंबर तक धूमधाम से आयोजित होगा

ऐलानाबाद, 20 अगस्त (एम.पी. भार्गव): शहर के वार्ड नंबर 3 स्थित श्री गणेश मंदिर में श्री गणेश जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सात दिवसीय रजत महोत्सव का आयोजन 26 अगस्त से 1 सितंबर तक बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव से किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जानकारी देते हुए श्री गणेश सेवा समिति ट्रस्ट के प्रवक्ता सोनू गर्ग ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से 25वां महोत्सव होने के कारण भव्य स्तर पर किया जा रहा है।

कार्यक्रमों की रूपरेखा:

26 अगस्त, मंगलवार: महोत्सव का शुभारंभ कलश व ध्वजा शोभायात्रा से होगा, जो दोपहर 3:15 बजे श्री बालाजी धाम बगीची मंदिर, नोहर रोड से प्रारंभ होकर अनाज मंडी, पंचमुखी चौक, मुख्य बाजार, ममेरा चौक, गांधी चौक और चौधरी देवीलाल चौक से होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। रात्रि 8:15 बजे बाबा की मेहंदी कार्यक्रम आयोजित होगा।

27 अगस्त, बुधवार: सुबह 9:15 बजे श्री गणपति मूर्ति स्थापना पूजन एवं श्री गणेश कथा का आयोजन जगदीश राय चमड़िया परिवार द्वारा होगा। दोपहर 4:15 से 6:15 बजे तक सामूहिक श्री गणेश चालीसा पाठ गायक सिकंदर सागर ऐलनाबाद द्वारा किया जाएगा। रात्रि 9:15 बजे विशाल जागरण गायक ख्वाहिश कपूर, फतेहाबाद द्वारा होगा।

28 अगस्त, गुरुवार: दोपहर 4:15 से 6:15 बजे तक श्री राम शरणम् आश्रम ऐलनाबाद द्वारा अमृतवाणी पाठ और रात्रि 9:15 बजे विशाल जागरण गायक विशू गर्ग, अबोहर द्वारा आयोजित किया जाएगा।

29 अगस्त, शुक्रवार: दोपहर 4:15 से 6:15 बजे तक श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, ऐलनाबाद द्वारा संगीतमय श्री सुंदरकाण्ड पाठ और रात्रि 9:15 बजे विशाल जागरण गायक सुनील नामदेव, आदमपुर द्वारा किया जाएगा।

30 अगस्त, शनिवार: श्री गणेश पूजन सुनील तलवाड़िया, पुना और अजीत चौधरी द्वारा होगा। रात्रि 9:15 बजे से प्रातः 4:15 बजे तक गायक राजेश गोयल (सिरसा), साक्षी अग्रवाल (जयपुर), अभिनव एरन (हिसार) और दीपक गोयल (हनुमानगढ़) भजनों की प्रस्तुति देंगे। तत्पश्चात बाबा की महाआरती होगी।

31 अगस्त, रविवार: सुबह 10:15 बजे से विशाल भंडारा आयोजित होगा। रात्रि 9:15 बजे मेघराज मारवाड़ी ग्रुप, फतेहपुर शेखावाटी द्वारा डफ व धमाल उत्सव प्रस्तुत किया जाएगा।

1 सितंबर, सोमवार: सुबह 10:15 बजे श्री गणपति मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा श्री गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर मसीतां वाली हैड (इंदिरा गांधी नहर) तक जाएगी, जहां गणपति विसर्जन संपन्न होगा।

तैयारियां और आह्वान:

मंदिर को दूधिया लाइटों से सजाया गया है तथा शहर के विभिन्न चौकों पर आकर्षक लाइट डेकोरेशन की गई है। पूरे आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और शहरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस अवसर पर  खबरें जंक्शन के वरिष्ठ पत्रकार और ऐलानाबाद ब्यूरो श्री एम.पी. भार्गव को गणेश मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा महोत्सव का निमंत्रण भी दिया गया।

खबरें जंक्शन के वरिष्ठ पत्रकार एम पी भार्गव  को गणेश मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा महोत्सव का निमंत्रण देते हुए
खबरें जंक्शन के वरिष्ठ पत्रकार एम पी भार्गव को गणेश मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा महोत्सव का निमंत्रण देते हुए

श्री गणेश सेवा समिति ट्रस्ट ने शहरवासियों और क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सात दिवसीय महोत्सव में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करें और पुण्य के भागी बनें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.