19वें तीन दिवसीय किऊल महोत्सव का भव्य शुभारम्भ, विधायक रामानंद मंडल तथा डीएम मिथिलेश मिश्र सहित अन्य हुए शामिल

लखीसराय(सरफराज आलम)किऊल दुर्गा मंदिर स्थित रेलवे ग्राउंड में गुरुवार को तीन दिवसीय 19वें किऊल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव की शुरुआत केआरके हाई स्कूल मैदान से निकाली गई 1001 कन्याओं की कलश शोभा यात्रा से हुई, जो नगर भ्रमण करते हुए किऊल दुर्गा मंदिर पहुंची। पूरे शहर में भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा किऊल दुर्गा मंदिर ट्रस्ट समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, डॉ प्रवीण कुमार सिंहा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, डीएसपी सुबोध कुमार, डीएसपी नवल कुमार मंडल एवं फिल्म निर्देशक रविराज पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उद्घाटन के बाद भजन सम्राट सुनील मिश्रा और अलका मिश्रा की जोड़ी ने अपनी सुमधुर गायकी से ऐसा समां बांधा कि श्रोता भावविभोर हो उठे। भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते और जयकारे लगाते नजर आए।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि दुर्गा मंदिर ट्रस्ट समिति के सतत प्रयासों से किऊल महोत्सव को एक विशिष्ट पहचान मिली है। उन्होंने लोगों से महोत्सव में प्रस्तुत भजनों को आत्मसात करने और आध्यात्मिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कला एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी मृणाल रंजन ने मुख्य अतिथियों और कलाकारों को चादर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.