रामपुर;रामपुर के रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक समेत अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन से हुई, जिसमें अधिकारियों और विद्यार्थियों ने एक साथ एक स्वर में देशभक्ति की गूंज बिखेरी। इस दौरान सभी ने राष्ट्रगौरव और सांस्कृतिक एकता के इस प्रतीक गीत के प्रति सम्मान प्रकट किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और संविधान के प्रति नागरिक कर्तव्यों के पालन पर प्रेरक संदेश दिए। साथ ही, उन्हें “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक महत्व और इसके भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई गई भूमिका से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को “तेजस्विनी” मासिक पत्रिका भेंट की। यह पत्रिका मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत प्रकाशित की गई है, जिसमें नारी जीवन से प्रेरित कविताओं का संग्रह प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

