पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के हस्तक्षेप से फिर शुरू हुई शुद्ध पेयजल आपूर्ति, लिपिक निलंबित

बदायूं।शहर के दातागंज तिराहे के समीप अंबेडकर छात्रावास के पीछे नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने अपनी मौजूदगी में ओवरहेड टैंक के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति को पुनः बहाल कराया। छह दिनों से बाधित जलापूर्ति शुरू होते ही स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली और पालिकाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने पेयजल संकट और भ्रष्टाचार के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कंजरवेंसी लिपिक सुमित सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं जलकल विभाग के सहायक अभियंता जल नितिन सक्सेना से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। साथ ही नलकूप को देहात फीडर से हटाकर शहरी फीडर से जोड़ने के लिए प्रमुख सचिव ऊर्जा को पत्र भेजा गया है, ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति बाधित होने से जलापूर्ति प्रभावित न हो।

गौरतलब है कि अंबेडकर छात्रावास के पीछे स्थित नगर पालिका के ओवरहेड टैंक की सफाई और मरम्मत का कार्य जल निगम द्वारा कराया जा रहा है। इसी कारण बीते छह दिनों से टैंक के बजाय नलकूप से सीधे पानी की आपूर्ति की जा रही थी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को पालिकाध्यक्ष मौके पर पहुंचीं, अधिकारियों से वार्ता की और अपनी निगरानी में जलापूर्ति को दोबारा सुचारु कराया। पानी आने के बाद क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई दिनों से टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा था और घरेलू कामकाज व स्वच्छता प्रभावित हो रही थी।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ओवरहेड टैंक की सफाई व मरम्मत का कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी कारणवश जलापूर्ति बाधित करनी पड़े तो क्षेत्रवासियों को पूर्व सूचना दी जाए और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जलापूर्ति बहाल होने पर लोगों ने पालिकाध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसी समस्या न आने की उम्मीद जताई।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.