बदायूं।बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनसंपर्क बढ़ाने और सामाजिक कार्यों में भागीदारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में बदायूं जिले की बिल्सी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर की दावेदारी को काफी मजबूत माना जा रहा है।
ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा को समर्पित किया है। समाज सेवा की प्रेरणा उन्हें अपने पिता और परिवार से मिली। उनका मानना है कि समाज सेवा ही देश प्रेम की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने अपने जीवन को समाज सेवा और व्यापार तक सीमित रखते हुए जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी है।
अपने पैतृक गांव मिठनपुर में ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर हर वर्ष एक विशाल नेत्र शिविर का आयोजन करते हैं, जिसमें हजारों लोग पहुंचकर निःशुल्क इलाज कराते हैं। अलीगढ़ के जाने-माने नेत्र विशेषज्ञों द्वारा लोगों की आंखों की जांच और उपचार किया जाता है, जिससे अनेक जरूरतमंदों को आंखों की रोशनी मिलती है। इन सेवाभावी कार्यों के चलते उन्हें क्षेत्र में लोगों का भरपूर स्नेह और आशीर्वाद मिलता है।
यदि उनके राजनीतिक सफर की बात करें तो ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर ने राजनीति में कदम समाजवादी पार्टी के मजबूत स्तंभ और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी के आशीर्वाद से रखा। वर्ष 1986 में उन्होंने शेरवानी के पदचिह्नों पर चलने का निर्णय लिया और तब से आज तक उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। सलीम इकबाल शेरवानी भी उन्हें छोटे भाई की तरह मानते हैं और हर मंच पर अपने साथ रखते हैं।
ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर ने कभी भी किसी राजनीतिक पद या व्यक्तिगत लाभ की चाह नहीं रखी। उन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी और शेरवानी जी का साथ निभाया। शेरवानी के साथ मिलकर उन्होंने कई चुनावों में दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारने और उन्हें सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह एक कुशल राजनीतिक रणनीतिकार भी हैं।
योगेंद्र सिंह तोमर ने शेरवानी के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी के लिए अनेक कार्यक्रम, अभियान और योजनाओं पर काम किया, जिससे पार्टी को बदायूं से लेकर अलीगढ़ तक मजबूती मिली। संघर्ष के इस सफर में उन्हें कई बार नुकसान भी उठाना पड़ा, लेकिन वह हमेशा पार्टी और अपने क्षेत्र की जनता के लिए डटे रहे।
अब जनता के आग्रह पर उन्होंने सक्रिय राजनीति में चुनाव लड़ने का मन बनाया है, ताकि किसी पद पर रहकर जनता की सेवा कर सकें। इसके लिए उन्होंने बिल्सी विधानसभा को अपना चुनावी क्षेत्र चुना है। वह लगातार बिल्सी की जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनते हैं और समय-समय पर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनते हैं।
स्थानीय स्तर पर किए गए आकलन के अनुसार, ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर अपनी साफ-सुथरी छवि, सामाजिक कार्यों, लोगों के प्रति सम्मान, बेदाग व्यक्तित्व, एस.आई.आर. में समाजवादी पार्टी के प्रभारी के रूप में सक्रिय भूमिका और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी के आशीर्वाद के चलते भाजपा के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।
यदि जातिगत गणना पर नजर डालें तो बिल्सी विधानसभा में करीब 3.5 लाख मतदाता हैं। इनमें सबसे अधिक मुस्लिम मतदाता लगभग 54 हजार हैं। इसके अलावा करीब 53 हजार क्षत्रिय, 52 हजार मौर्य, 37 हजार जाटव और लगभग 35 हजार यादव मतदाता हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्हें हर बिरादरी से समर्थन मिलने की प्रबल संभावना है।
khabre junction
