गुस्ताखी माफ हरियाणा – पवन कुमार बंसल
दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) के प्रतिष्ठित पद पर तरनजीत सिंह संधू की नियुक्ति के पीछे पंजाब विधानसभा चुनाव और दिल्ली में सिखों की बड़ी आबादी को एक अहम कारण माना जा रहा है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार इस नियुक्ति में इन दोनों कारकों ने तरनजीत संधू के पक्ष में माहौल बनाया।
सूत्रों का यह भी कहना है कि हरियाणा के एक वरिष्ठ नौकरशाह ने इस पद की दौड़ में काफी कोशिशों के बावजूद मौका गंवा दिया। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी एक केंद्रीय मंत्री ने उनके पक्ष में काफी लॉबिंग भी की, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम आगे नहीं बढ़ पाया।
जानकारों के मुताबिक दिल्ली के एलजी की नियुक्ति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की व्यक्तिगत पसंद मानी जा रही है। वर्तमान में अमित शाह पंजाब विधानसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों को संभाल रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी की पंजाब में जीत को लेकर विशेष रणनीति बना रही है।
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एलजी से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तरनजीत सिंह संधू को एलजी नियुक्त करना एक गौरवशाली सिख विरासत का सम्मान है। सिरसा ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री मोदी के सिख समुदाय के प्रति गहरे सम्मान और अधिकार व सम्मान के लिए सिखों के ऐतिहासिक संघर्ष की सराहना को भी दर्शाता है।
khabre junction
