टपूकड़ा : नौला धाम शनि मंदिर से चोरी: सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, दो दान पेटियां ले उड़ा चोर

रात 2 बजे की घटना, मंदिर में नहीं था कोई मौजूद

टपूकड़ा : टपूकड़ा कस्बे के प्रसिद्ध नौला धाम स्थित शनि देव मंदिर व श्याम मंदिर में बीती रात चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार व शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 2:00 बजे अज्ञात चोर मंदिर से दो दान पेटियां चुरा ले गया। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

भजन-कीर्तन के बाद सभी लौटे थे अपने घर
नौला धाम श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम मित्तल ने बताया कि गुरुवार को ग्यारस तिथि होने के कारण रात्रि 12:30 बजे तक मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के पश्चात 12:30 बजे आरती हुई, जिसके बाद सभी श्रद्धालु अपने घर लौट गए और मंदिर पुजारी मंदिर बंद कर विश्राम के लिए चले गए।

सुबह पता चला चोरी का
सुबह 5:00 बजे जब पुजारी मंदिर की सफाई के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर में रखी दोनों दान पेटियां गायब थीं। पुजारी ने तुरंत इस बारे में कमेटी अध्यक्ष घनश्याम मित्तल को सूचित किया। सूचना मिलने पर मित्तल मंदिर पहुंचे और अन्य कमेटी सदस्यों व पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी, लोगों में आक्रोश
कुछ ही समय में थाना अधिकारी राजीव शर्मा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर की जांच की। इस चोरी की खबर कस्बे में फैलते ही समाजसेवी टीटू गर्ग समेत बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। थाना अधिकारी ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि रात करीब 1:58 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर की दीवार फांद कर अंदर प्रवेश करता है और शनि देव मंदिर व श्याम मंदिर से एक-एक दान पेटी उठाकर ले जाता है। वह मंदिर के पीछे स्थित खेत में जाकर दान पेटियों की कुंडियां तोड़ता है और नकदी लेकर फरार हो जाता है।
सुबह खोजबीन के दौरान टूटी हुई दान पेटियां मंदिर के पीछे खेत में पड़ी मिलीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.