ऐलनाबाद, 20 फरवरी (एम.पी. भार्गव)। सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय मीठी सुरेरां में प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार एवं समस्त स्टाफ सदस्यों द्वारा राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर लौटे विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया। यह प्रतियोगिता चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 24 टीमों ने भाग लिया।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि स्नातकोत्तर हिंदी की छात्राएं लक्ष्मी व शांति तथा स्नातक की छात्रा मनोहरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी महाविद्यालय की अमूल्य धरोहर होते हैं। प्रत्येक छात्र में कोई न कोई प्रतिभा निहित होती है और उसे मंच प्रदान करना महाविद्यालय का दायित्व है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर पूरा महाविद्यालय गर्व महसूस करता है। सभी स्टाफ सदस्यों ने विजेता छात्राओं को बधाई दी।
कौशल विकास कार्यशाला का सफल समापन
उधर महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित कटिंग, टेलरिंग एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यशाला का भी सफल एवं प्रेरणादायक समापन हुआ। कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतिम दिवस छात्राओं का लिखित एवं व्यावहारिक मूल्यांकन किया गया, जिसमें उन्होंने अर्जित कौशल का आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। सफल छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका श्रीमती सुरेश कुमारी ने कहा कि इस प्रकार की कौशल विकास कार्यशालाएं छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त माध्यम हैं। प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने प्रशिक्षिका सुश्री मनदीप सग्गू के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से छात्राओं में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ आत्मविश्वास और रचनात्मकता का भी विकास हुआ है।
khabre junction
