टी20 वर्ल्ड कप से पहले लय में लौटे सूर्यकुमार यादव बोले—मैं कभी आउट ऑफ फॉर्म नहीं था

टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी शानदार फॉर्म में वापसी कर ली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की और यह सीरीज सूर्यकुमार यादव के लिए खास रही। कप्तान सूर्या इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने पांच पारियों में कुल 242 रन बनाए और इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

सीरीज जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने अपनी बल्लेबाजी और टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह कभी भी आउट ऑफ फॉर्म नहीं थे, बस रन नहीं बन पा रहे थे। सूर्या ने कहा, “बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। यह साल काफी लंबा रहा और ऐसे पलों का इंतजार भी लंबा था। मुझे पता था कि मैं आउट ऑफ फॉर्म नहीं हूं, बस रन नहीं बन रहे थे। मैंने अपनी दिनचर्या पर भरोसा रखा और छोटी-छोटी चीजों पर काम किया, जिसका फायदा इस सीरीज में मिला।”

भारतीय कप्तान ने बताया कि पिछली सीरीज के बाद उन्हें दो-तीन हफ्तों का समय मिला, जिसे उन्होंने अपने करीबी दोस्तों के साथ बिताया। इस दौरान मिली सलाह ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया। उन्होंने कहा, “यह एक खिलाड़ी की जिंदगी का हिस्सा है। सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, दूसरे खेलों में भी खिलाड़ी ऐसे दौर से गुजरते हैं। मुझे भरोसा था कि अगर मैं बुनियादी चीजें सही करता रहूंगा, तो मेरा समय जरूर आएगा।”

टीम की तैयारियों पर बात करते हुए सूर्या ने कहा कि जीत या हार, हर मैच से सीख मिलती है। उन्होंने बताया कि मुंबई लौटने के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैचों से पहले टीम पिछले पांच मुकाबलों और पूरे साल के प्रदर्शन का विश्लेषण करेगी, जिसके बाद वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत होगी।

गेंदबाजों को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टी20 फॉर्मेट गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में विरोधी टीम का पलटवार तय होता है, ऐसे में कप्तान और गेंदबाजी यूनिट हमेशा दबाव में रहती है। उन्होंने कहा, “अहम बात यह है कि आपके पास अच्छे प्लान हों। यह सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है। हम बैठकर इस पर चर्चा करेंगे और आगे बढ़ेंगे।”

कुल मिलाकर, न्यूजीलैंड सीरीज में सूर्या की फॉर्म में वापसी ने न सिर्फ टीम इंडिया का आत्मविश्वास बढ़ाया है, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय खेमे को भी बड़ी राहत दी है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.