ऐलनाबाद, (एम पी भार्गव)। जिला सिरसा की सभी नगर परिषदों और नगरपालिकाओं द्वारा नगरों में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। आम नागरिकों की विशेषकर स्वच्छता और अन्य सार्वजनिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24×7 व्हाट्सएप आधारित जन शिकायत निवारण प्रणाली शुरू की गई है।
जिला नगर आयुक्त वीरेंद्र सहरावत ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद सिरसा व डबवाली तथा नगरपालिका ऐलनाबाद, कालांवाली और रानियां में अलग-अलग व्हाट्सएप नंबर जारी किए गए हैं, जो चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। इन नंबरों के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचा सकेंगे।
जारी हेल्पलाइन नंबरों में सिरसा के लिए 93060-58901, डबवाली के लिए 93061-45381, कालांवाली के लिए 82781-21016, रानियां के लिए 97283-65553 और ऐलनाबाद के लिए 93069-48448 शामिल हैं।
नगर आयुक्त ने बताया कि व्हाट्सएप पर प्राप्त सभी शिकायतों का निवारण 24 घंटे के भीतर करना अनिवार्य होगा। खासकर स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर उसी दिन किया जाएगा। यदि किसी नागरिक द्वारा यह प्रमाण दिया जाता है कि उसकी शिकायत का समाधान नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसके साथ ही सभी नगर परिषदों और नगरपालिकाओं को निर्देश दिए गए हैं कि इन व्हाट्सएप नंबरों की जानकारी वार्ड समिति सदस्यों और पार्षदों तक पहुंचाई जाए तथा आम नागरिकों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक किया जाए।
इस नई व्यवस्था से उम्मीद की जा रही है कि जिले में सफाई व्यवस्था और जनसेवाओं में पारदर्शिता व जवाबदेही में सुधार आएगा।
