लखीसराय में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर सख्ती,9 परीक्षा केंद्रों के 200 गज दायरे में निषेधाज्ञा लागू
लखीसराय(सरफराज आलम) बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2026 में बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
जिला दंडाधिकारी, लखीसराय के संयुक्त आदेश के तहत यह परीक्षा 18 जनवरी 2026 (रविवार) एवं 21 जनवरी 2026 (बुधवार) को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
पूर्वाह्न पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
अपराह्न पाली: दोपहर 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक
दोनों पालियों के लिए अलग-अलग अभ्यर्थी होंगे। परीक्षा जिले के कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों की सूची:
राजकीय हसनपुर उच्च विद्यालय, लखीसराय
केआरके उच्च विद्यालय, लखीसराय
बालिका विद्यालय, विद्या भवन, लखीसराय
नाथ पब्लिक स्कूल, लखीसराय
महिला विद्या मंदिर, +2 उच्च विद्यालय, लखीसराय
श्री रामेश्वर सिंह उच्च विद्यालय, बालगुदर, लखीसराय
पुरानी बाजार उच्च विद्यालय, लखीसराय
श्री दुर्गा उच्च विद्यालय, लखीसराय
संत जोसेफ स्कूल, लखीसराय
परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से बाधा की संभावना को देखते हुए, अनुमंडल पदाधिकारी, लखीसराय द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के चारों ओर 200 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
निषेधाज्ञा के तहत प्रमुख प्रतिबंध:
पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक
लाठी, भाला, गड़ासा, छुरा, आग्नेयास्त्र या विस्फोटक लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध
सुबह 08:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग पर रोक
परीक्षा केंद्रों से जुड़े कर्मियों को छोड़कर अन्य सभी व्यक्तियों के मोबाइल, सेलुलर फोन व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर प्रतिबंध
परीक्षा कार्य में संलग्न कर्मियों के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति का 200 गज की सीमा में प्रवेश निषिद्ध
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उद्देश्य यह है कि परीक्षा स्वच्छ, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो।
khabre junction
