अलीगढ़ और आगरा में हाल ही में हुई स्कूली बस घटनाओं को देखते हुए बदायूं जिले में प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर जनपद के सभी स्कूली वाहनों का तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज सभी तहसीलों में कुल 120 स्कूली वाहनों की जांच उत्तर प्रदेश विद्यालययान नियमावली-2019 (26वें संशोधन) के तहत की गई। जांच के दौरान जिन वाहनों में सामान्य कमियां पाई गईं, उन्हें जल्द ठीक कराने के निर्देश स्कूल संचालकों को दिए गए।
कार्रवाई के दौरान मदर एथेना स्कूल की दो बसों को मानकों पर खरा न उतरने के कारण संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज कर दिया गया। इसके अलावा चार अन्य स्कूली वाहनों में अनियमितताएं मिलने पर उनका चालान भी किया गया।
प्रशासन ने सभी स्कूल संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे नियमों के अनुसार अपने वाहनों को दुरुस्त रखें। वाहनों की फिटनेस, बीमा और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट समय पर कराना अनिवार्य है। साथ ही ड्राइवरों का चरित्र सत्यापन और सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने साफ कहा है कि तकनीकी खामियों के कारण यदि कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए स्कूल प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा। प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है।
