रामपुर में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा यातायात माह के तहत सख़्त चेकिंग और जागरूकता अभियान
स्कूल बसों से लेकर आम वाहन चालकों तक हुई कार्रवाई
रामपुर।सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा यातायात माह नवंबर 2025 के तहत पुलिस अधीक्षक के आदेशनुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी यातायात के निर्देशन में रामपुर पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्कूल बसों की गहन चेकिंग की। इसमें बसों में रिफ्लेक्टर लगाने, मेडिकल किट उपलब्ध रखने, फिटनेस की जांच और सभी आवश्यक यातायात नियमों के पालन की पुष्टि की गई। बस चालकों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस द्वारा शहर और कस्बों में हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की गई। कई चालकों का चालान किया गया तथा उन्हें सुरक्षा उपकरणों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों और यातायात कर्मियों ने स्कूलों में जाकर बच्चों व अध्यापकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। बच्चों को सड़क पार करने के नियम, ट्रैफिक सिग्नल की समझ और वाहन यात्रा के दौरान सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने माता-पिता और परिजनों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करें।
