रामपुर। शहर में प्रतिबंधित चायनीज मांझे की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए शहर कोतवाली पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने क्षेत्र की दुकानों, घरों और गोदामों पर जबरदस्त छापेमारी की।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान चायनीज मांझे की अवैध बिक्री की जांच की और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का उद्देश्य पतंगबाजी के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन, विशेषकर बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बताया गया।
शहर कोतवाली पुलिस ने साफ कहा कि चायनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसकी बिक्री, भंडारण या उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं चायनीज मांझे की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से चायनीज मांझे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और शहर में प्रतिबंधित मांझे पर प्रभावी रोकथाम की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है।
khabre junction
