भाजपा नेता पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल का बयान: अमेरिका की गलत नीतियों के आगे ना झुकने पर पीएम मोदी को दी बधाई

हरदोई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका के प्रति कड़े रुख की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की गलत नीतियों के आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी झुकने का काम नहीं किया। इसी का परिणाम है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी सार्वजनिक मंच से यह स्वीकार करना पड़ा कि “मोदी मेरे मित्र हैं।”

अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार की सख्त नीतियों के चलते अमेरिका को अपने रवैये में बदलाव करना पड़ा है। इसका सीधा असर भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों पर पड़ रहा है, जिससे भारतीयों को राहत मिलेगी।

उन्होंने जीएसटी में किए गए बदलावों पर भी संतोष व्यक्त किया। अग्रवाल का कहना था कि जीएसटी दर घटने से महंगाई पर लगाम लगी है और आम आदमी को इससे बड़ी राहत मिली है।

नेपाल की मौजूदा स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि नेपाल भारत का मित्र देश है और वहां हो रही हिंसक गतिविधियां चिंताजनक हैं। उन्होंने दावा किया कि नेपाल में जल्द ही लोकप्रिय सरकार का गठन होगा।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नरेश अग्रवाल ने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की नैतिकता का पतन हो चुका है और बिहार चुनाव में एनडीए की भारी जीत तय है।

हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि अधिग्रहण की जद में आने वाले खेत मालिकों को तत्कालीन अधिकारियों की लापरवाही के चलते भुगतान नहीं मिल पाया। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों से बात की है और स्पष्ट कहा है कि जब तक राजमार्ग की टूट-फूट की मरम्मत नहीं होती, तब तक निर्माण संस्था को भुगतान न किया जाए।

प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला एडवोकेट भी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.