एसपी विक्रांत भूषण का कड़ा संदेश : अपराध और लापरवाही बर्दाश्त नहीं
नशा व अवैध कारोबार के खिलाफ जन सहयोग से चलाएं अभियान
सिरसा/ऐलनाबाद, (एम.पी. भार्गव): जिला पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों, सीआईए व नारकोटिक्स सेल की टीमों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आमजन के सहयोग से तेज़ी से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
अपराधियों को दिलाई जाए सजा, कोर्ट में पैरवी हो प्रभावी
एसपी भूषण ने कहा कि जिन लोगों को विभिन्न आपराधिक वारदातों में पकड़ा गया है, उनके खिलाफ न सिर्फ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, बल्कि अदालत में भी उनके विरुद्ध मज़बूती से पैरवी की जाए ताकि अपराधी सजा से बच न सकें।
अनसुलझे मामलों को जल्द सुलझाएं, वांछित आरोपी हों गिरफ्तार
उन्होंने निर्देश दिए कि संपत्ति संबंधी अपराधों को लेकर चल रहे अभियानों को और धार दी जाए। महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर पुराने और अनसुलझे मामलों को शीघ्र सुलझाया जाए। साथ ही वांछित आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
भगोड़े और आदतन अपराधियों पर सख्त नजर रखने के निर्देश
एसपी ने कहा कि पुलिस टीम भगोड़े आरोपियों की धरपकड़ में तेजी लाएं और आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें ताकि वे किसी नई वारदात को अंजाम न दे सकें।
शिकायत निपटारे में लापरवाही नहीं चलेगी
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पीएम विंडो, सीएम विंडो और हर समय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समय पर निपटारा करें। थाना में आने वाले फरियादियों की बात गंभीरता से सुनें और उन्हें जल्द न्याय दिलाएं, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश
चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर सतर्कता बरतने के आदेश देते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस चेकिंग और पैदल गश्त को बढ़ाया जाए ताकि ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
थाना रिकॉर्ड डिजिटल और अपडेटेड रखें
उन्होंने थाना प्रभारियों को थानों का रिकॉर्ड पूरी तरह कंप्यूटरीकृत और अपडेटेड रखने को कहा। उच्च अधिकारियों द्वारा मांगे गए जवाब समय पर भेजना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही थानों में सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
हर सप्ताह होगी कार्यों की समीक्षा, अच्छा कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
एसपी विक्रांत भूषण ने स्पष्ट किया कि हर सप्ताह थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा, लेकिन लापरवाही या कोताही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दो टूक कहा, “काम में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
