- रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार / शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरनाकछार अंतर्गत चरक पथली टोला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। करीब 32 वर्षीय ललिता देवी ने घर के पास स्थित आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। घर में केवल दो महिलाएं थीं, जो आपस में सगी बहनें होने के साथ ही रिश्ते में गोतनी भी बताई जा रही हैं। सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। मां की असामयिक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना को लेकर गांव में बच्चों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच के रही है। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी।
