सोनभद्र: मानक के विपरीत सीसी सड़क निर्माण पर ग्रामीणों में आक्रोश

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र(विंढमगंज)। थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी मुडिसेमर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर सीसी निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बरसात के दिनों में सड़क पर गड्ढे और जलभराव की शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड सोनभद्र द्वारा यशानवी कंस्ट्रक्शन कंपनी मिर्जापुर के माध्यम से लगभग 600 मीटर लंबा, 3.75 मीटर चौड़ा और 15 सेंटीमीटर मोटा सीसी निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह निर्माण मानकों के विपरीत किया जा रहा है और गुणवत्ता में घोर लापरवाही बरती जा रही है, जिसको लेकर मौके पर तीखी नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि मुडिसेमर, पटेल नगर, धूमा, हरपुरा, बैरखड़, जामपानी, छतरपुर व छतवा गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क की चौड़ाई कम की जा रही है, जिससे भविष्य में आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न होगी। साथ ही ठेकेदार द्वारा सड़क को पूरी तरह बाधित कर दिया गया है और किसी प्रकार का डायवर्जन भी नहीं बनाया गया, जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन सवारी वाहन, स्कूली बसें और रोडवेज बसों का संचालन होता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण मानक के अनुरूप नहीं कराया गया तो वे संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता एस के विश्वकर्मा ने बताया कि ठेकेदार को मानक के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं और गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर राजू तिवारी, बनवारी यादव, वेद मोहनदास ब्रह्मचारी, मनोज पासवान, बबलू शाह, राधेश्याम सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.