- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/मनीष कुमार
सोनभद्र (दुद्धी)। जनपद के दुद्धी थाना क्षेत्र के पोलवा गांव में बुधवार दोपहर करीब एक बजे एक अनियंत्रित टिपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान भगत (23) पुत्र जब्बर एवं मुकेश (22) पुत्र दिनेश, निवासी कृष्णा मंदिर के पीछे रेनुकूट, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से झारखंड नगर में रिश्तेदारी के लिए जा रहे थे, तभी पोलवा के पास सामने से आए अनियंत्रित टिपर ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस सीएचसी दुद्धी पहुंची और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मौके से फरार टिपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
