सोनभद्र: टीईटी से संबंधित मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के विरोध में शिक्षकों ने घेरा कलेक्ट्रेट, किया प्रदर्शन

  • रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर तथा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जनपद शाखा सोनभद्र के जिलाध्यक्ष योगेश पाण्डेय के नेतृत्व में हजारों शिक्षक/शिक्षिकाएं कलेक्ट्रेट पर एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम में संशोधन कर अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी (T.E.T.) उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष योगेश पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य नहीं था। न ही केंद्र या राज्य सरकार ने इस संबंध में कोई दिशा-निर्देश जारी किया था। हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश दिया है कि देश में शिक्षक बने रहने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा, जिसमें केवल उन शिक्षकों को छूट दी गई है जिनकी सेवा अवधि मात्र पांच वर्ष शेष है। लेकिन पदोन्नति में उन्हें भी कोई छूट नहीं दी गई है। इससे प्रदेश के लगभग 8 लाख शिक्षकों की नौकरी और पदोन्नति दोनों पर संकट आ गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने दो वर्षों में टीईटी पास करने का समय दिया है, लेकिन वरिष्ठ शिक्षकों के लिए यह संभव प्रतीत नहीं होता। शिक्षक संघ का कहना है कि यह निर्णय तथ्यों पर आधारित नहीं है और न्यायसंगत भी नहीं है। इसलिए संगठन ने मांग की है कि अधिनियम में आवश्यक संशोधन कर शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। अन्यथा शिक्षक समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
ज्ञापन सौंपने के समय जिला संरक्षक जय प्रकाश राय, जिला महामंत्री हुकूम चन्द्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, संयुक्त मंत्री राजेश कुमार जायसवाल, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, जिला प्रवक्ता अभिषेक मिश्रा, अमित कुमार चौबे, चन्द्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष नवीन गुप्ता, अभिषेक कुमार, राघवेंद्र कुमार त्रिपाठी, भोलानाथ अग्रहरि, अरविंद्र कुमार चौहान, अध्यक्ष रविभूषण, अध्यक्षा संतोष कुमारी, अध्यक्ष शिवम् अग्रवाल, अध्यक्ष वकील अहमद, वरिष्ठ शिक्षक विनोद चौबे, संतोष सिंह, मायकांत शर्मा, गिरीश चंद्र द्विवेदी, मीना भारती, संगीत सिंह, किरण बाला, मनोरमा सिंह, मृत्युंजय, शशांक चतुर्वेदी, पंकज पांडेय, बिहारी लाल गुप्ता, संजय सिंहा, सुनीता समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.