- रिपोर्ट : मनीष कुमार
सोनभद्र। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, दुद्धी (सोनभद्र) में खेल प्रतियोगिता एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष दुद्धी श्री कमलेश मोहन, जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र श्री जयराम सिंह एवं प्रधानाचार्य हाई स्कूल दीघुल श्री अरुण कुमार मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, बैडमिंटन एवं रस्साकशी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन तथा टीमवर्क का परिचय दिया। 100 मीटर दौड़ में राज और प्रेम कुमार, कबड्डी में बृजेश कुमार की टीम, जबकि बैडमिंटन में शुभम गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य, गीत एवं नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक कौशल के विकास पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल कुमार प्रजापति ने किया, जबकि निर्णायक मंडल में विद्यालय के शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य श्री अजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना की।
khabre junction
