- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र (घोरावल)। दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए उपजिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में तहसील सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत घोरावल के अधिशासी अधिकारी समेत अन्य जिम्मेदार उपस्थित रहे।
बैठक में उपजिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नगर विकास विभाग के 9 अक्टूबर 2025 के शासनादेश के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। सभी नगर निकायों में त्योहारों से पहले व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जाए तथा पेयजल व्यवस्था को सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि टीमें गठित कर दीपावली से पूर्व सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।
छठ पूजा के दृष्टिगत तालाबों एवं वहां जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई विशेष रूप से की जाए। इसके साथ ही एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग की व्यवस्था भी की जाए ताकि मच्छरों का प्रकोप न बढ़े। उपजिलाधिकारी घोरावल ने यह भी निर्देश दिया कि कूड़ा उठान और नालियों की सफाई के बाद अपशिष्ट का निस्तारण आबादी क्षेत्र से दूर किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से साफ-सफाई की फोटोग्राफ और वीडियो रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि कार्यों की प्रगति का आकलन किया जा सके।
