- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग ने एक नया मुकाम हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के पहले जनजातीय स्पेस लैब का शुभारंभ कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रुगनाथपुर में किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीपीआरओ नमिता शरण एवं डीसी मनरेगा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्पेस सूट पहने बच्चों ने अतिथियों को स्पेस लैब की विभिन्न गतिविधियों और उपकरणों के बारे में जानकारी दी। ग्राम प्रधान एवं विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से तैयार की गई इस स्पेस लैब को देखकर प्रशासनिक अधिकारी आह्लादित नजर आए। लैब में टेलीस्कोप, मानव कंकाल, चंद्रयान तथा अंतरिक्ष से जुड़े विभिन्न मॉडल प्रदर्शित किए गए थे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से इन मॉडलों के संबंध में प्रश्न पूछकर उनका उत्साहवर्धन किया और इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में की गई इस अभिनव पहल की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। छात्राओं एवं शिक्षकों ने अतिथियों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से आदिवासी वेशभूषा में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सीडीओ एवं बीएसए द्वारा मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन इंद्रप्रकाश सिंह ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, जिला महामंत्री इंद्रप्रकाश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ कार्तिकेय, हिमांशु मिश्रा, रामकिशुन, सर्वेश, राजकुमार, जिला संगठन मंत्री गणेश पाण्डेय सहित अनेक शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
khabre junction
