सोनभद्र : वेतन संकट बना विस्फोट, डॉक्टर हड़ताल पर, मेडिकल कॉलेज में सेवाएं प्रभावित

रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टर आज हड़ताल पर रहे। डॉक्टरों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है, जबकि लंबे समय से सैलरी समय पर न मिलने की समस्या बनी हुई है। यूपी सरकार के निर्देश के बावजूद फरवरी माह का वेतन होली से पहले नहीं दिया गया और फरवरी व मार्च दोनों का भुगतान अब तक लंबित है, जिससे डॉक्टर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि किराया, ईएमआई और अन्य जरूरी खर्चों के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं निकला। हड़ताल के चलते अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर देखने को मिला और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन मंडल ने बताया कि बकाया वेतन भुगतान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही राशि जारी कर दी जाएगी। इस दौरान अखिलेश कुमार बैसवार, ऋतुप सिंह, मुकेश कुमार मौर्य, मयुरेश रघुवंशी, अनुभव राय, दर्पण जायसवाल, लक्ष्मीकांत यादव, नितिश राय, आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.