सोनभद्र: त्योहारों के मद्देनज़र पीस कमेटी बैठक सम्पन्न

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ अजीत पाण्डेय

सोनभद्र (बभनी)। आगामी धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा पर्व को शांति और सौहार्द के माहौल में मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना बभनी परिसर में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, पटाखा दुकानदारों और डीजे संचालकों ने भाग लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि बिना लाइसेंस के कोई भी पटाखा दुकान संचालित नहीं की जाएगी। सभी दुकानदारों को लाइसेंस में दिए गए निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है, जिसमें अग्निशमन यंत्र, बालू भरी बाल्टी, ड्रम में पानी और दुकानों के बीच उचित दूरी बनाए रखना शामिल है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान अश्लील गीत या तेज़ साउंड पर डीजे बजाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। प्रभारी निरीक्षक ने सभी से त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसे जेल भेजा जाएगा। इस अवसर पर उप निरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड मुहर्रिर मनोज मिश्रा, बाबूराम गुप्ता, राम प्रकाश दुबे, प्यारे मोहन, श्यामजी गुप्ता, रामेश्वर शर्मा, नंदू खरवार, सीताराम यादव, शत्रुधन शर्मा, रामदेव प्रजापति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.