सोनभद्र: किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र के किसानों की परेशानियों को लेकर शनिवार को वरिष्ठ किसान नेता लालजी तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य के साथ उपजिलाधिकारी घोरावल आशीष त्रिपाठी से भेंट की। बैठक के दौरान किसानों की बर्बाद फसलों के मुआवजे, फसल बीमा के लाभ और खतौनियों में अंश निर्धारण की अनियमितताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य ने एसडीएम से अनुरोध किया कि खेतों में नुकसान का सर्वे तत्काल कराकर लेखपालों से मौके की सही रिपोर्ट तैयार कराई जाए। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले तीन वर्षों से तहसील कर्मियों द्वारा तैयार फसल मुआवजा रिपोर्ट शासन तक नहीं पहुंचाई गई, जिससे किसानों को किसी प्रकार का लाभ नहीं मिल पाया।
इस पर एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि आपदा प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे शीघ्र पूरा कराकर उन्हें शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाया जाएगा, साथ ही खतौनियों में दर्ज त्रुटियों को भी सुधारने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.