- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। प्रतिष्ठित विद्याज्ञान आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में जिले के परिषदीय स्कूलों के कुल 29 विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की है। सफल होने वालों में 13 विद्यार्थी और 16 बालिकाएँ शामिल हैं, जो अब मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हो गई हैं।
इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय तथा डीसी प्रशिक्षण जय किशोर वर्मा ने सभी सफल छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों को बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि यह सफलता जिले में गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा के बेहतर होते स्तर का परिणाम है।
पिछले कई वर्षों की भाँति इस बार भी सोनभद्र के परिषदीय विद्यालयों ने विद्याज्ञान, नवोदय और आश्रम पद्धति विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा कायम रखी है।
इंग्लिश मीडियम मॉडल प्राथमिक विद्यालय दुरावलखुर्द (घोरावल, सोनभद्र) के छात्र शुभम ने भी प्रारंभिक परीक्षा में सफलता पाई है, जिससे विद्यालय का मान बढ़ा है। इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, प्रभारी प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार गुप्त तथा शिक्षक नीरज कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, आलोक कुमार सिंह, सीमा मिश्रा और अरविंद कुमार ने शुभम को बधाई देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
