सिरसा पुलिस की PIT-NDPS के तहत बड़ी कार्रवाई: तीन आदतन नशा तस्करों को एक साल की जेल

नशे के खिलाफ सिरसा पुलिस का सख्त एक्शन, अपराधियों की संपत्तियों की भी जांच शुरू

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

ऐलनाबाद: जिला सिरसा में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए पुलिस ने PIT-NDPS एक्ट (स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988) के तहत तीन आदतन नशा तस्करों को एक साल के लिए जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के लिए सिरसा पुलिस द्वारा गृह सचिव को भेजी गई रिपोर्ट पर मंजूरी मिलने के बाद यह बड़ा कदम उठाया गया।

तीन आदतन तस्कर पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि नशे के अवैध व्यापार में बार-बार संलिप्त पाए गए तीन अपराधियों को हिरासत में लेकर PIT-NDPS एक्ट के तहत एक वर्ष के लिए जेल में बंद किया गया है।

  • थाना ऐलनाबाद क्षेत्र से नंद लाल पुत्र लाधु राम, वार्ड नंबर 17 निवासी के खिलाफ दो बार नशीले पदार्थ बेचने के मामले दर्ज किए गए थे। वह हर बार जमानत पर बाहर आकर फिर से नशा बेचने लगता था।
  • थाना सदर सिरसा के तहत जगसीर उर्फ सीरा पुत्र मलकीत सिंह, गांव मल्लेकां निवासी के खिलाफ चार बार NDPS एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे।
  • थाना शहर सिरसा क्षेत्र से बंटी पुत्र राजकुमार, निवासी रानियां गेट सिरसा, के खिलाफ भी दो NDPS केस दर्ज पाए गए हैं।

संपत्ति की जांच और आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ यह कार्रवाई जिले में जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों अपराधियों की संपत्तियों की जांच भी की जा रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

नशे के खिलाफ सिरसा पुलिस की प्रतिबद्धता
डॉ. गुप्ता ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जिले में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करना और समाज को इस बुराई से मुक्त करना है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नशे के सौदागरों के खिलाफ निर्णायक और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सिरसा पुलिस की यह मुहिम समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक साहसिक और अनुकरणीय कदम है। PIT-NDPS एक्ट के तहत की गई यह कार्रवाई नशा तस्करी में लिप्त अपराधियों को सख्त चेतावनी है कि अब कानून से बचना आसान नहीं होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.