बाराबंकी/उत्तर प्रदेश। लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कुख्यात अपराधी मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर बताए जा रहे शोएब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। हमलावरों ने चार पहिया वाहन में सवार शोएब बॉबी पर घात लगाकर हमला किया और उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के असैनी इलाके की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोएब बॉबी जैसे ही अपने वाहन से वहां से गुजर रहा था, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे घेर लिया और अत्याधुनिक हथियारों से गोलियों की बौछार कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसके शरीर में एक-दो नहीं बल्कि करीब 15 गोलियां उतार दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
khabre junction
