- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार
सोनभद्र (दुद्धी)। नगर के वार्ड संख्या 11 जेम्स स्कूल के पास बुधवार दोपहर ठगी की बड़ी वारदात सामने आई। दो अज्ञात ठगों ने गहनों की सफाई का झांसा देकर एक महिला से लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर उड़ा लिए और बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 11 निवासी अनवरी बेगम पत्नी मोहम्मद रजा ने कोतवाली दुद्धी में तहरीर देकर बताया कि बुधवार (08 अक्टूबर 2025) को वह अपने घर पर थीं, तभी दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बोले कि वे सोने-चांदी के गहनों की सफाई का काम करते हैं। उनके बहकावे में आकर उन्होंने सोने की चैन, कान की बाली समेत लगभग दो लाख रुपये मूल्य के जेवर सफाई के लिए दे दिए।
ठगों ने टिफिन में गर्म पानी डालकर सफाई करने का नाटक किया और बताया कि गहने उसी में रखे हैं। कुछ देर बाद जब महिला ने टिफिन खोला तो उसमें एक भी गहना नहीं था। यह देखकर वह सन्न रह गई। तब तक दोनों युवक बाइक से फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
