संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक आयोजित,सूर्यगढ़ा प्रखंड पर विशेष फोकस

लखीसराय(सरफराज आलम) जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बताया गया कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विकास के मानकों में पिछड़े प्रखंडों को मुख्यधारा में लाना है। देश के 513 प्रखंडों में से बिहार के 27 जिलों के 61 प्रखंड चयनित हैं, जिनमें लखीसराय जिले का सूर्यगढ़ा प्रखंड भी शामिल है।

बैठक में बताया गया कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि व संबंधित क्षेत्र, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास जैसे पाँच प्रमुख क्षेत्रों पर कार्य किया जा रहा है। इनसे जुड़े 38 प्रमुख संकेतकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, आंगनवाड़ी केंद्रों की दक्षता, विद्यालयों में छात्राओं के लिए शौचालय, पेयजल व्यवस्था तथा पशुओं के एफएमडी टीकाकरण जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर ऐसे विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों की सूची तैयार की जाए जहाँ शौचालय एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। साथ ही एफएमडी टीकाकरण कार्य में लगे निजी वैक्सीनेटरों की सूची भी शीघ्र तैयार करने को कहा गया।

बैठक में जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार,जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, अवर योजना पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत संबंधित विभागों के जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना व पशुपालन क्षेत्र में ठोस सुधार होगा और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.