ऐलनाबाद, सिरसा 17 सितंबर (एम.पी. भार्गव)। थाना सदर सिरसा पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण एवं यौन शोषण से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला रीतू रानी पत्नी रविंद्र, निवासी मीरपुर, सिरसा को शामिल तफ्तीश कर गिरफ्तार किया है।
प्रबंधक अफसर थाना सदर सिरसा निरीक्षक सुखदेव सिंह ने जानकारी दी कि 26 जुलाई 2025 को पीड़िता के पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के गुम होने की शिकायत थाना सदर में दर्ज करवाई थी। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तत्परता दिखाते हुए 1 अगस्त 2025 को पुलिस ने बालिका को बरामद कर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।
जांच के दौरान पीड़िता के बयान, काउंसलिंग और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला रीतू रानी व उसके सहयोगी अपचारी बालक के खिलाफ धाराधीन 64(1), 64(2)m, 61(2)a, 3(5) BNS तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस ने अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद किशोर न्याय बोर्ड के आदेशानुसार ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया। वहीं आरोपी महिला रीतू रानी को माननीय उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद शामिल तफ्तीश किया गया और औपचारिक गिरफ्तारी के उपरांत नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया।
