सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब में बेअदबी का मामला: एसजीपीसी ने पुलिस को सौंपी शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग

अमृतसर: सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब सरोवर में हाल ही में हुई बेअदबी का मामला तूल पकड़ गया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने इस मामले में अमृतसर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है और आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एसजीपीसी के लीगल एडवाइजर अमनबीर सिंह सियाली ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी युवक बेअदबी की नीयत से श्री दरबार साहिब पहुंचा था। युवक 13 जनवरी को अपने चार दोस्तों के साथ आया और करीब 20 मिनट तक दरबार साहिब के अंदर रहा। जांच में यह भी पता चला कि युवक ने दरबार साहिब में माथा नहीं टेका, जिससे संदेह और गहरा होता है।

एसजीपीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर को शिकायत सौंपी और मांग की कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले इस मामले में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

इस बीच आरोपी युवक ने उसी दिन एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी। वीडियो में उसने कहा कि यदि उसकी किसी भी हरकत या वीडियो से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो वह इसके लिए खेद प्रकट करता है और उसका मकसद किसी का दिल दुखाना नहीं था। युवक की ओर से दो अलग-अलग वीडियो भी वायरल हुईं, जिनमें वह सिख कौम से बार-बार माफी मांगता नजर आया।

पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मीडिया को मामले पर बाइट देने से पुलिस ने मना कर दिया है और कहा है कि केवल पुलिस कमिश्नर ही मीडिया से इस बारे में बातचीत करेंगे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.