- रिपोर्ट: हरिश्चंद्र कासगंज
कासगंज: महाशिवरात्रि पर्व के दौरान कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कासगंज यातायात पुलिस ने मानपुर नगरिया के दो पटरी रोड पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। यह डायवर्जन 12 फरवरी 2026 को शाम 5:00 बजे से 15 फरवरी 2026 को शाम 5:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
Kasganj Police की सोशल मीडिया सेल द्वारा सूचना जारी किए जाने के बाद यातायात पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आई। पुलिस ने महाशिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ के भक्त कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किया है।
बदायूं से कासगंज की ओर आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को मानपुर नगरिया दो पटरी रोड से गुजरने के बजाय सहावर मार्ग से होकर जाने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर बैरिकेटिंग लगाकर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ना शुरू कर दिया है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर Kachhla Ghat और लहरा घाट से हजारों कांवड़िये गंगाजल भरकर भगवान शिव को अर्पित करने के लिए पैदल यात्रा करते हैं। इस दौरान सड़कों पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जगह-जगह बैरिकेटिंग लगाकर भारी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
khabre junction
