लखीसराय में सड़क किनारे अतिक्रमण फिर बढ़ा, नगर परिषद ने माइकिंग कर दी सख्त चेतावनी

नया बाजार, विद्यापीठ चौक और बाजार समिति के पास दुकानदारों पर कार्रवाई की चेतावनी

लखीसराय(सरफराज आलम)शहर में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर परिषद लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में स्थिति जस की तस बनी हुई है। नया बाजार, विद्यापीठ चौक और बाजार समिति के पास कुछयू दुकानदार प्रशासन की चेतावनी को दरकिनार कर सड़क किनारे दुकान लगाकर अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

खासकर नया बाजार इलाके में कुछ फल दुकानदार अपनी दुकान से लेकर नगर परिषद द्वारा बनाए गए फुटपाथ और उससे आगे करीब पांच फीट आगे तक सड़क पर सामान फैलाकर रास्ता अवरुद्ध किए हुए हैं, जिससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि ऐसे कई दुकानदारों को पहले भी चिन्हित किया जा चुका है और नगर परिषद के साथ-साथ जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा भी कई बार चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण अतिक्रमण करने वालों का मनोबल बढ़ता गया और स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो सका।

इसी बीच नगर परिषद लखीसराय की ओर से एक बार फिर माइकिंग कर सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी जा रही है। माइकिंग के माध्यम से कहा जा रहा है कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह है कि प्रशासन आदतन अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर उन पर ठोस कार्रवाई करता है या फिर मामला सिर्फ चेतावनी और माइकिंग तक ही सीमित रह जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.