रामपुर में सीएम डैशबोर्ड पर विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस के निर्देश
रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विकास एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड में खराब श्रेणी में प्रदर्शित इंडीकेटर को लेकर मंडी सचिव और आबकारी अधिकारी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भू-पट्टा आवंटन और स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए सभी उपजिलाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवंटन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान अतिकुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में मात्रात्मक के साथ-साथ गुणात्मक प्रगति भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं द्वारा पूर्ण किए जा चुके निर्माण कार्यों को संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज इंडीकेटर की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और लक्ष्य आधारित प्रगति बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
khabre junction
