अमृतसर में रेस्टोरेंट मालिक की हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

अमृतसर। शहर के बटाला रोड पर देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने रेस्टोरेंट मालिक आशुतोष महाजन को गोलियों से भून डाला, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर ली है।

जानकारी के अनुसार, दो युवक मोटरसाइकिल पर रेस्टोरेंट पहुंचे। इनमें से एक बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर दाखिल हुआ। उसने मालिक आशुतोष महाजन से पानी की बोतल मांगी और जैसे ही उन्होंने बोतल दी, आरोपी ने उन पर करीब छह गोलियां दाग दीं। इसमें से तीन गोलियां उन्हें लगीं। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

रेस्टोरेंट कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने घटना से पहले ही पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस एक घंटे की देरी से मौके पर पहुँची। उनका कहना है कि अगर समय पर पुलिस पहुंचती, तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना मोहकमपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। एसीपी डॉ. शीतल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला बिल के लेन-देन या फिरौती की मांग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.