राष्ट्रीय लोकदल ने चौधरी अजीत सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष को किया याद

रामपुर। राष्ट्रीय लोकदल द्वारा शौकत अली रोड स्थित जिला कार्यालय पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसानों की बुलंद आवाज़ रहे स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शाहिद हुसैन ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि किसानों की उम्मीद और ग्रामीण भारत की सशक्त आवाज़ थे। उन्होंने जीवनभर किसानों के सम्मान, अधिकार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संघर्ष किया।

शाहिद हुसैन ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह के प्रयासों से उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई चीनी मिलों की स्थापना हुई, जिससे गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य, समय पर भुगतान और स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला। इससे हजारों परिवारों की आजीविका मजबूत हुई और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को स्थायी सहारा मिला।

उन्होंने आगे कहा कि चौधरी अजीत सिंह ने कृषि नीतियों में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने, मंडी व्यवस्था को मजबूत करने तथा गन्ना भुगतान, सिंचाई, बीज और खाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन को भी हमेशा प्राथमिकता दी।

कार्यक्रम में रालोद रुहैलखंड की महासचिव सुमन सिंह परिहार ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह का जीवन सादगी, ईमानदारी और किसान हितों के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, मजदूरों और युवाओं के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए प्रभात भारद्वाज को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ कुलदीप कौर, नगर अध्यक्ष नवाब खान, जिला उपाध्यक्ष कलावती, नावेद खान, जुनेद खान, संकर लाल लोधी, रामकिशन सागर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने चौधरी अजीत सिंह के आदर्शों पर चलने, किसानों के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने तथा राष्ट्रीय लोकदल को रामपुर जिले में और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.