धूमधाम से निकली राम बारात, राम–सीता विवाह संग तीन जोड़ों ने लिए सात फेरे

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ रघुराज सिंह

सोनभद्र (बीजपुर)। नगर के स्वागत द्वार से निकली भगवान राम की भव्य बारात ने गुरुवार रात बीजपुर की गलियों को भक्तिमय बना दिया। रथ, रोड लाइट, बैंड–बाजा और डीजे की धुन पर नाचते–गाते बाराती जब रामलीला मैदान पहुंचे तो घरातियों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
रामलीला मंचन के दौरान धनुष यज्ञ के पश्चात प्रभु श्रीराम और सीता विवाह की झांकी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही तीन असहाय जोड़ों का विवाह भी पूरे वैदिक रीति-रिवाज और परंपरा के साथ कराया गया। इसमें अजीरेश्वर धाम परमार्थ जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बघेल ने दो वर–कन्याओं के विवाह का संपूर्ण दायित्व निभाया, जबकि एक जोड़े के लिए पूजा समिति और स्थानीय व्यवसायियों ने सहयोग किया।
बारात और विवाह समारोह में हजारों की संख्या में नगरवासी शामिल हुए और इस अनोखे आयोजन के साक्षी बने। विवाह के उपरांत आयोजित सहभोज में बारातियों का स्वागत बड़ी आत्मीयता के साथ किया गया। विदाई के दौरान भावुक माहौल बन गया और परंपरागत गीतों के बीच कन्याओं को विदा किया गया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह उर्फ बग्गा, मुन्ना प्रसाद, प्रेमचंद उर्फ मोछू, विनोद गर्ग, सीताराम, लल्लन सिंह, जसवंत सिंह, उपेंद्र प्रताप सिंह, जुगल किशोर तिवारी, रविंद्र गुप्ता, सुनील सिंह, नागेंद्र सिंह, राजेश सिंह सहित नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने दल-बल के साथ संभाली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.