रामपुर को मिलेगा जाम मुक्त और सुंदर शहर का स्वरूप, जिलाधिकारी ने दिए अहम निर्देश

रामपुर। रामपुर जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के साथ शहर से बरेली और मुरादाबाद हाईवे को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिवर साइट इन के निकट मुरादाबाद जाने वाले मार्ग पर स्थित जीरो प्वाइंट और मोदी जेरॉक्स के पास बरेली मार्ग के जीरो प्वाइंट का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नैनीताल, कैंचीधाम और रुद्रपुर जैसे उत्तराखंड के शहरों को जाने वाले वाहनों को अब बाईपास मार्ग का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा, और ऐसे वाहनों का रामपुर शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय शहर में बढ़ते जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

ओवरब्रिज निर्माण को लेकर हुई समीक्षा
मोदी जेरॉक्स के निकट निर्माणाधीन ओवरब्रिज की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को तेजी से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज बनने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

शहर सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण के प्रस्तावित कार्यों को धरातल पर उतारने में तेजी लाई जाए और जिन स्थानों पर अभी भी अतिक्रमण है, वहां से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और मानसून सत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में रामपुर को जाम मुक्त, व्यवस्थित और आकर्षक शहर बनाने के लिए विभिन्न प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। नगर में अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान भी तेजी से चल रहा है, ताकि नागरिकों को एक बेहतर और खुला परिवेश मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.