रामपुर: स्मार्ट मीटर, अवैध छापेमारी और बिजली दरों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ व्यापारियों ने एई को सौंपा ज्ञापन

— प्रदेश व्यापारी मंडल के निर्देश पर सौंपा गया मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन

रामपुर, 31 जुलाई 2025। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश व्यापारी आंदोलन के तहत रामपुर जनपद में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने पंवारिया बिजली घर पर अधिशासी अभियंता (एई) महफूज आलम को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ी, अनावश्यक छापेमारी, बेतहाशा बिजली कटौती और प्रस्तावित बिजली दरों में भारी वृद्धि पर विरोध जताया।

ज्ञापन प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। इसमें कहा गया कि यदि समय रहते सरकार ने बिजली संकट और अन्य संबंधित मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो व्यापारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

ज्ञापन की मुख्य मांगें:
स्मार्ट मीटरों से चार से पांच गुना अधिक बिलिंग हो रही है, जिससे व्यापारी वर्ग और आम उपभोक्ता परेशान हैं। इन मीटरों की समीक्षा कर हटाया जाए।

फिक्स चार्ज को समाप्त किया जाए, क्योंकि उपभोक्ता पहले से ही तय दरों के अनुसार भुगतान कर रहा है।

उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा प्रस्तावित 45% बिजली दर वृद्धि को तुरंत रोका जाए।

व्यापारियों पर ऊर्जा मंत्री की अमर्यादित टिप्पणी पर माफी मांगी जाए और कठोर निर्देश जारी किए जाएं।

लगातार बिजली कटौती बंद की जाए, जिससे व्यापारिक गतिविधियां और आम जनजीवन प्रभावित हो रहे हैं।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों की क्लैरिटी-चेक रिपोर्ट में भारी अंतर सामने आ रहा है, जिससे जनता का बिजली विभाग पर विश्वास डगमगा रहा है। उन्होंने इस अनुबंध की निष्पक्ष जांच कर संबंधित मीटर हटाने की मांग की।

विरोध में प्रमुख व्यापारी नेता मौजूद:
इस मौके पर शाहिद शम्सी (जिला महामंत्री), हरीश अरोड़ा (कोषाध्यक्ष), शोएब मोहम्मद खान (नगर अध्यक्ष), प्रदीप खंडेलवाल (नगर कोषाध्यक्ष), जगन्नाथ चावला (नगर महामंत्री), अवतार सिंह (जिला युवा अध्यक्ष), हारिस शम्सी (मीडिया प्रभारी), इमरान सलीम, मुकेश आर्य, वाजिद खान, और अन्य व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.